सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता विभिन्न स्कूलों के 156 बच्चों ने किया प्रतिभाग
मुरादाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। पराग ह्यूमन फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में जश्न ए आजादी थीम पर सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 156 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
पराग ह्यूमन फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापिका गरिमा सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता कार्यक्रम पूरी तरह से राष्ट्रीयता को समर्पित था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. सीमा मिड्ढा, विशिष्ट अतिथि नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन पंकज सक्सेना, मेजर डॉ. मीनू मेहरोत्रा, दीपाली अग्रवाल, मोना गुप्ता, अनीशा मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुप्रसिद्ध नृत्यांगना हेमा अरोड़ा, वंदना वर्मा और वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. पंकज दर्पण रहे।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता दो ग्रुपों में आयोजित हुई, जिसमें ग्रुप ए में कौशल्या इंटर कॉलेज की छात्राएं मान्या,राधिका, जानवी, सोनाक्षी निधि और खुशी ने विजेता का पुरस्कार प्राप्त किया जबकि ग्रुप बी में साहू रमेश कुमार कन्या इंटर कॉलेज की प्रत्यूषा सैनी, मीठी रस्तोगी, इशिका यादव, योगिता, पावनी यादव, मान्य रस्तोगी ने विजेता का स्थान प्राप्त किया।
गरिमा सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व से पूर्व हमारी संस्था के द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है जिसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि देश सबका है और हम सब हिंदू ,मुस्लिम, सिख, ईसाई गरीबी-अमीरी सबसे ऊपर उठकर भारतीय हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यक्रम के मंच पर अंग्रेजी माध्यम, हिंदी माध्यम, एनजीओ के स्कूल एवं सरकारी स्कूल सभी वर्ग के बच्चे एक साथ प्रतिभाग करते हैं जो कि राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल