एफडीआई और एसईजेड पर मंथन के लिए रविवार को कानपुर आएगी संसदीय समिति : रमेश अवस्थी
कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। कानपुर की औद्योगिक क्षमता, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। एफडीआई और एसईजेड से जुड़ी नीतियों में कानपुर जैसे औद्योगिक शहरों की जरूरतों को प्रमुखता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यह बातें शनिवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कही।
सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर लोकसभा की वाणिज्य संबंधी विभागीय संसदीय स्थायी समिति का अध्ययन दल छह और सात सितंबर को कानपुर आएगा। समिति के दौरे के दौरान एफडीआई नीति, विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड), निवेश, औद्योगिक विकास और रक्षा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
सात सितंबर को समिति रक्षा क्षेत्र के निर्माताओं, चैंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य प्रमुख औद्योगिक हितधारकों के साथ एफडीआई नीति पर चर्चा करेगी। इसके बाद एसईजेड डेवलपर्स एवं ऑपरेटर्स तथा अन्य हितधारकों से संवाद किया जाएगा। डीपीआईआईटी, वाणिज्य विभाग, विकास आयुक्तों, निर्यात संवर्धन परिषद और रक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श होगा।
बैंकों और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ रक्षा परियोजनाओं के वित्तपोषण, विदेशी निवेश और एसईजेड से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के साथ प्रदेश में एफडीआई आकर्षित करने और एसईजेड क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद एफडीआई और एसईजेड क्षेत्रों का स्थानीय दौरा भी प्रस्तावित है।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर की पहचान रक्षा उत्पादन, लेदर, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग और एमएसएमई सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में रही है। शहर में नए निवेश, आधुनिक तकनीक, रोजगार के अवसर और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर रखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संसदीय समिति का दौरा कानपुर के उद्योग जगत की चुनौतियों और संभावनाओं को सीधे राष्ट्रीय स्तर पर रखने का अवसर देगा। इससे एफडीआई और एसईजेड से संबंधित नीतियों में कानपुर जैसे औद्योगिक शहरों की आवश्यकताओं को स्थान दिलाने में मदद मिल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप