कानपुर का पनकी हनुमान मंदिर 1.84 करोड़ से संवरेगा, सांसद ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास

 


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। पनकी हनुमान मंदिर कानपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। यह बातें शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने मंदिर परिसर में आयोजित भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कहीं।

सांसद ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर एक करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। पर्यटन विभाग की ओर से कराए जाने वाले इन कार्यों से मंदिर परिसर को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

रमेश अवस्थी ने कहा कि पनकी हनुमान मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर के विकास से उन्हें सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी धार्मिक पर्यटन और विरासत स्थलों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि मंदिर के विकास की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। एक करोड़ 84 लाख रुपये की स्वीकृति से अब मंदिर परिसर का भव्य और व्यवस्थित विकास संभव होगा। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग और सांसद रमेश अवस्थी का आभार जताया।

मंदिर के महंत कृष्णदास ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी उपेंद्र शुक्ला, सतेंद्र नाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, अजय राय, दीपक शुक्ला, ललित उपाध्याय, चंद्रमणि चौबे, विजय मिश्रा, दिनेश बाजपेयी, संतोष सिंह, मनीष बाजपेयी, अरुण दुबे, राम पाल, आशीष बाजपेयी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप