हर घर तक भाजपा सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचानी है : पंकज चौधरी

 




लखनऊ, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया है, हमारी सरकारों के बेहतर कार्यों को हमें जन-जन तक पहुँचाना है। हमें पूरे प्रदेश के प्रत्येक बूथ के हर घर तक सरकार के कार्यों की जानकारी अपने जमीनी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंचानी है।

उन्होंने कहा प्रदेश टीम और सभी जिलाध्यक्षों की घोषणा होने के तुरंत बाद हम उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। यह हमारे लिए सौभाग्य एवं गर्व का विषय है। अध्यक्ष के आगमन से उत्तर प्रदेश के हम सभी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है और उनका सान्निध्य हम सबको लगातार प्रोत्साहित करता रहेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सहज सरल किन्तु कार्य में कोई समझौता न करने वाला स्वभाव हम सभी को प्रेरणा देता है और सीख देता है कि हमे अपने कार्यक्षेत्र में किस प्रकार से नेतृत्व करना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन चुनावी शंखनाद की घोषणा है और इस चुनावी युद्ध में यही टीम काम करेगी। प्रदेश की टीम जिलों के साथ बेहतर को-ऑर्डिनेशन करेगी और जिले की टीम चुनावी युद्ध को बूथ स्तर तक ले जाकर मतदाताओं तक पहुँच को सुनिश्चित करेगी। इसलिए आप सबका दायित्व बहुत बड़ा है और आप सबकी ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को मैं आश्वस्त करना चाहता हूँ कि हम सब अपने दायित्व में जरा भी शिथिल नहीं होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा हमें निरंतर संवाद बनाए रखना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्रदेश टीम को लगातार प्राप्त होता रहेगा और प्रदेश पदाधिकारी निरंतर संवाद के माध्यम से जिले का मार्गदर्शन करते रहेंगे। पंकज चैधरी ने कहा कि राजनीतिक संवाद के क्षेत्र में भाजपा से बेहतर प्रणाली किसी और पार्टी के पास है ही नहीं और मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में इसमें और अधिक सुधार होगा। राष्ट्रीय नेतृत्व से प्राप्त मार्गदर्शन के आलोक में हम उत्तर प्रदेश की टीम को लगातार अपनी समीक्षा करते रहना है और निरंतर सुधार करना है।

पंकज ने कहा कि हमें अपने विशाल संगठनात्मक ढांचे के माध्यम से डबल इंजन सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। हमारे संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता हैं और हमें इन्हीं कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद करना है, मार्गदर्शन करना है और उनसे जमीनी स्तर का फीडबैक भी प्राप्त करना है। हमें मतदाता को 2012 से 2017 तक की भयावह व्यवस्था का स्मरण कराना है जो बच्चे 2017 में 10 वर्ष के थे अब वो वोटर हैं उन्हें भी समझाना है कि सपा का काल कैसा था और पिछले 9 वर्षों में सरकार ने कितना बेहतर काम किया है। निरंतर सहयोग, सम्पूर्ण समर्पण, सक्षम संगठन ही चुनाव में विजय की यही कुंजी है। पंकज चौधरी ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाते हैं कि उत्तर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम इतिहास दोहरायेंगे नहीं बल्कि 2027 में प्रचंड विजय का नया इतिहास बनाएंगे।प्रदेश भाजपा कर्यालय में आयोजित इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन