भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’ : पंकज चाैधरी
लखनऊ, 12 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी।
“जन सेवा ही प्रभु सेवा” के मूल भाव के साथ आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा यात्रा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रमुख निर्णयों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को ‘विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और सुशासन की भावना को शासन की संस्कृति बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है।
चौधरी ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर 2014 में प्रधानमंत्री बनने तक मोदी ने शासन में निर्णय लेने की प्रक्रिया को गति देने, जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इनमें जीएसटी सुधार, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव, डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा और अनावश्यक कानूनों को समाप्त करना प्रमुख हैं। इन निर्णयों ने देश की अर्थव्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्था और सामाजिक जीवन में व्यापक परिवर्तन की दिशा तैयार की है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया गया है। गैस का चूल्हा, नल से जल, अपना घर, मुफ्त इलाज और सम्मान की आजीविका जैसे प्रयासों के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का काम हुआ है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाई गई है।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी अभियान की शुरूआत
पंकज चौधरी ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत बूथ स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित कर लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्य और ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का होगा मंचन
उन्होंने बताया कि 18 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रदेश में 3,242 नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इन नाटकों के माध्यम से सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियों और प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से प्रत्येक शक्ति केंद्र से लाभार्थियों की 10 रील्स तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी। चयनित रील्स को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के सोशल मीडिया हैंडल से भी प्रसारित किया जाएगा।
07 अक्टूबर को निकाली जायेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत गांवों से जिला मुख्यालय तक मशाल एवं रथ यात्रा निकाली जाएगी और ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। वहीं, वडनगर से वाराणसी के बीच ‘सेवा यात्रा’ आयोजित होगी, जिसमें करीब 250 बाइक यात्री शामिल होंगे। इस दौरान दोनों स्थानों के पवित्र जल का आदान-प्रदान और मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता, रक्तदान और पौधारोपण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत विभिन्न स्तरों पर पर्यावरण-अनुकूल रंगोली एवं मानव रंगोली का आयोजन होगा। अभियान को प्रदेश के 1,77,516 बूथों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। अभियान में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की विशेष भागीदारी रहेगी। प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा प्रदेश महामंत्री व अभियान के प्रदेश संयोजक राजेश चौधरी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन