रथयात्रा से नहीं छिपेंगे सपा के कारनामे : पंकज चौधरी

 


लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव डोर-टू-डोर जाकर माफी भी मांग लें,तब भी जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को माफ नहीं करेगी। रथयात्रा निकालने,नारे लगाने और रोड शो करने से सपा अपने शासनकाल के कारनामों से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती। अखिलेश यादव को राजनीतिक दिखावे के बजाय अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए जवाब देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों और गुंडों के डर से माताओं-बहनों को अपने ही घरों में कैद रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। महिलाओं ने भय के माहौल में अपने सपनों और आकांक्षाओं को दबाया था। प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है।

श्री चौधरी कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितनी भी शोबाजी कर ली जाए, कितने भी नारे लगा लिए जाएं और वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लिए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला। राजनीतिक यात्राओं और आयोजनों से शासनकाल की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश सपा के अहंकार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और नाकामियों का पूरा हिसाब जानता है। जातिवादी राजनीति को बढ़ावा देना, अपराधियों को संरक्षण देने की परंपरा और विकास के नाम पर खोखले दावे करना सपा की राजनीति के वे पहलू हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता आज भी याद रखती है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती। जनता को नारों और मंचों से ज्यादा सुरक्षा, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों के जवाब चाहिए। अखिलेश को यह समझना होगा कि केवल राजनीतिक आयोजन करने से पुराना रिकॉर्ड नहीं बदल जाता।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब देख रही है और सपा के राजनीतिक दिखावे तथा उसके शासनकाल के कारनामों के बीच अंतर भी समझती है। जनता के सामने सपा का अतीत और उसका राजनीतिक आचरण दोनों मौजूद हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन