पंकज चौधरी ने की समाजवादी पार्टी के रवैये की कड़ी आलोचना
लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा)के रवैये की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी का काम केवल सदन में हंगामा करना, शोर-शराबा करना और कार्यवाही में बाधा डालना ही रह गया है, तो उसे अपना नाम बदलकर हल्ला-गुल्ला पार्टी रख लेना चाहिए।
पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने, सरकार से प्रश्न पूछने और नीतियों पर रचनात्मक आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन सदन की कार्यवाही को लगातार बाधित करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। यह आचरण न केवल संसदीय मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास, किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार को नई गति देने के उद्देश्य से अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया है। यह बजट प्रदेश की विकास यात्रा को और अधिक सशक्त बनाने वाला है। ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर गंभीर चर्चा करने के बजाय समाजवादी पार्टी ने हंगामे का रास्ता चुना, जिससे स्पष्ट है कि उसे प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता अपने जनप्रतिनिधियों को सदन में बहस करने, समस्याओं का समाधान निकालने और सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए चुनती है, न कि शोर-शराबा, नारेबाजी और गतिरोध पैदा करने के लिए। समाजवादी पार्टी को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।
पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है, जबकि समाजवादी पार्टी केवल राजनीतिक हंगामे के माध्यम से अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की जनता सब देख रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान करने वालों को समय आने पर उचित जवाब भी देगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन