जौनपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से पंपों पर भीड़ जुटी
जौनपुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक बढ़ी मांग और अफवाहों के कारण शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। हालात ऐसे बन गए कि कई स्थानों पर बाइक और कार के लिए पेट्रोल की सीमा तय करनी पड़ी। कुछ पंपों पर बाइक में अधिकतम 200 रुपये और कार में 500 रुपये तक ही पेट्रोल दिया जा रहा है। कई जगहों पर 200 मीटर तक लंबी कतारें लगी है।
शुक्रवार रात को ही नगर और आसपास के क्षेत्रों के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद कुछ पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। नईगंज तिराहा स्थित कुमार पेट्रोल पंप रात करीब 10 बजे बंद हो गया। ओलंदगंज, कचहरी, पॉलीटेक्निक चौराहा और वाजिदपुर के आसपास के पंपों पर भी पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो सका, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
खेतासराय क्षेत्र के खुदौली मार्ग स्थित मैनुद्दीनपुर पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लंबी लाइन लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पंप प्रबंधन ने 200 रुपये तक ही पेट्रोल देना शुरू कर दिया। प्रबंधक जयराम गौतम ने बताया कि अधिकांश लोग टंकी फुल कराने पर अड़े थे, जिससे स्थिति और बिगड़ रही थी।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों के कारण लोग घबराकर अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच रहे हैं। वाजिदपुर स्थित प्रभा फीलिंग पंप भारत पेट्रोलियम के मैनेजर मनमोहन सिंह ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में तेल उपलब्ध है कोई समस्या नहीं है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव