राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा पंडित दीनदयाल का जीवन : गिरीश चंद्र यादव

 






जौनपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर के एक होटल में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बताए अंत्योदय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को केंद्र में रखकर अंत्योदय का विचार दिया। उनका एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और समाज के समग्र विकास की दृष्टि प्रस्तुत करता है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं ने राजनीति में अपने आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में विभाजन की प्रवृत्ति बढ़ी है, जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव