विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भाजपा की वैचारिक नींव में है पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन : स्वतंत्र देव सिंह

 






गोरखपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं गोरखपुर जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठनों में स्थापित है और देश के अनेक राज्यों में पार्टी की सरकारें हैं। इस संगठन की वैचारिक नींव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन और उनका समर्पित कार्यकर्ता निर्माण का विचार महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने राष्ट्रसेवा और अंत्योदय की भावना से प्रेरित ऐसे कार्यकर्ताओं के निर्माण पर बल दिया, जिन्होंने संगठन को निरंतर मजबूत किया।

उन्होंने कहा कि हमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है, जो आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाएं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। दीनदयाल जी का जीवन और चिंतन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को राष्ट्रवाद, अंत्योदय और एकात्म मानववाद की वैचारिक दिशा प्रदान की। उनका जीवन सादगी, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम,महानगर प्रभारी महेश शुक्ला,क्षेत्रीय महामंत्री डॉ बच्चा पांडे नवीन ,सत्येंद्र सिन्हा , राहुल श्रीवास्तव , विधायक सहजनवा प्रदीप शुक्ला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता , रणजीत राय बड़े, राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री हरिकेश गुप्ता , क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी राहुल तिवारी, पंकज जयसवाल, पवन चतुर्वेदी सहित क्षेत्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय