त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले 73,446 डुप्लीकेट मतदाता सूची से हटे, 16 मार्च तक चलेगा सत्यापन अभियान

 

जौनपुर,22 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के विशेष सत्यापन अभियान में अब तक 73,446 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए जा चुके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिला प्रशासन को 19,28,560 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजकर सत्यापन के निर्देश दिए गए थे।यह अभियान पहले 20 फरवरी तक पूरा किया जाना था, जिसे अब बढ़ाकर 16 मार्च कर दिया गया है। 29 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद आयोग ने यह कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए थे। अब तक की जांच में 11,82,380 मतदाता वैध पाए गए हैं।जिले की 1,734 ग्राम पंचायतों में वर्तमान में कुल 32,23,888 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 19,66,213 पुरुष और 17,57,675 महिला मतदाता शामिल हैं। सत्यापन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 1,959 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) तैनात किए गए हैं।इस मामले में जानकारी लेने पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के लिए आधार कार्ड की जानकारी अनिवार्य की गई है। बीएलओ गांव-गांव जाकर मतदाताओं के आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज कर रहे हैं। इससे पहले आयोग द्वारा 9,51,391 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी गई थी, जिसमें 2,78,880 नाम डुप्लीकेट पाए गए थे। इनमें कई मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी या वे अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो गए थे।ब्लॉकवार आंकड़ों में बदलापुर सबसे आगे है, जहां 7,932 मतदाताओं के नाम हटाए गए। डोभी ब्लॉक में 7,598 और महराजगंज ब्लॉक में 6,104 नाम सूची से काटे गए हैं।इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पंचायत चुनाव निष्पक्ष रूप से संपन्न कराए जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव