केजीएमयू के पीएच समिट में देश-विदेश के चिकित्सा विशेषज्ञों का होगा जमावड़ा
लखनऊ, 07 अगस्त (हि.स.)। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग की ओर से 08 और 09 अगस्त को 'पीएच समिट'–पल्मोनरी हाइपरटेंशन पर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस' आयोजित कर रहा है। दो दिवसीय पीएच समिट में देश विदेश के चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल होंगे। केजीएमयू स्थित शताब्दी अस्पताल के आडिटोरियम में आयोजित इस समिट उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। यह जानकारी केजीएमयू के पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. वेद प्रकाश ने शुक्रवार को अपने विभाग में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सूर्यकांत ने बताया कि पल्मोनरी हाइपरटेंशन एक ऐसी स्थिति है जो फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं को प्रभावित करती है और तब होती है जब फेफड़ों में रक्तचाप सामान्य से अधिक हो जाता है। इसलिए, हृदय को फेफड़ों में रक्त पंप करने के लिए अधिक प्रयास करना पड़ता है। सांस फूलना, चक्कर आना और सीने में दर्द कुछ ऐसे लक्षण हैं जो हृदय पर इस बढ़े हुए दबाव के कारण हो सकते हैं।
डा. वेद प्रकाश ने बताया कि इस समिट में जाने-माने इंटरनेशनल स्पीकर, यू0एस0ए0 के डॉ. संदीप सहाय और आयरलैण्ड के डॉ. सैयद रेहान क्वादेरी शामिल होंगे। इनके साथ ही देश के कई जाने-माने एक्सपर्ट्स भी हिस्सा लेंगे, जिनमें डॉ. दिगंबर बेहरा, डॉ. ध्रुव चौधरी, डॉ. शुभाकर कंडी, डॉ. जूलियस पुन्नेन, डॉ. प्रकाश एस, डॉ. प्रशांत बोभाते, डॉ. आलोक नाथ, डॉ. सत्यवीर यादव, डॉ. बाशा जलाल खान, डॉ. अदिति सिंघवी, डॉ. ज़फ़र नियाज़, डॉ. अपार जिंदल और देश भर के कई अन्य एक्सपर्ट्स शामिल हैं।
प्रेसवार्ता में पद्मश्री प्रो. राजेंद्र प्रसाद, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सूर्यकांत, कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. ऋषि सेठी, कार्डियो-थोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी विभाग के प्रो. विवेक टैवर्सन व रुमेटोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. पुनीत कुमार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन