उत्तर प्रदेश में 03 नवम्बर से लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा निकालेगी भाजपा
लखनऊ, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान चलाकर विपक्ष के आधारहीन विरोध प्रदर्शनों का उत्तर देगी। इसके लिए भाजपा प्रदेश के सभी 06 क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा निकालेगी। भाजपा पदयात्राओं के माध्यम से विपक्ष की देश विरोधी राजनीति, सत्ता परिवर्तन के खतरनाक एजेंडे, देश को अस्थिर करने के खतरनाक मंसूबों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इस अभियान की तैयारी के संंबंध में सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अभियान की प्रदेश टोली की बैठक में कहा कि पदयात्राओं के माध्यम से विपक्ष की देश विरोधी राजनीति, सत्ता परिवर्तन के खतरनाक एजेंडे व देश को अस्थिर करने के खतरनाक मंसूबों को जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, संत, महात्मा, व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक लोकतंत्र की हुंकार और अराजकता की हार के संकल्प के साथ पदयात्रा पर निकालेगें। उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र की पदयात्रा 03 नवम्बर को लखनऊ में निकलेगी। काशी क्षेत्र की पदयात्रा प्रयागराज में 04 नवम्बर तथा गोरखपुर क्षेत्र की पदयात्रा गोरखपुर में 04 नवम्बर को निकलेगी। कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र की पदयात्रा कानपुर में 04 नवम्बर को तथा पश्चिम क्षेत्र की गाजियाबाद और बृज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में 05 नवम्बर को निकलेगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के संयोजक दिलीप पटेल ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत चर्चा की। बैठक में अभियान टोली के सह संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह रावत, नीरज सिंह, पदयात्रा प्रमुख एवं प्रदेश महामंत्री संजय राय सहित प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान व अभिजात मिश्रा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन