निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 800 से अधिक मरीजों की जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी परामर्श सेवाएं : कामता प्रसाद गर्ग
कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। शहर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस निःशुल्क शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया। अलग-अलग रोगों की जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया। यह बातें रविवार को राजस्थान भवन, कराची खाना में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान राजस्थान एसोसिएशन के महामंत्री कामता प्रसाद गर्ग ने कहीं।
राजस्थान एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब ऑफ कानपुर शौर्य की ओर से आज राजस्थान भवन, कराची खाना में पारस हॉस्पिटल और शंकरा आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कानपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 800 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र रोग, स्त्री रोग तथा दांत एवं मुख रोग समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के दौरान मोतियाबिंद से संबंधित मरीजों को ऑपरेशन के लिए शंकरा आई हॉस्पिटल भेजने की व्यवस्था भी की गई।
शिविर संयोजक सत्येंद्र महेश्वरी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
राजस्थान एसोसिएशन के अध्यक्ष बनवारी लाल जैन ने पारस हॉस्पिटल और शंकरा आई हॉस्पिटल के चिकित्सकों के सहयोग तथा निःशुल्क सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ कानपुर शौर्य और राजस्थान एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी सराहना की।
शिविर के दौरान मरीजों की जांच के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। आयोजन में बनवारी लाल जैन, कामता प्रसाद गर्ग, प्रेम नारायण सोमानी, गोपाल तुलस्यान, सत्येंद्र महेश्वरी, करन राज बोहरा, राजकुमार खेमका, अशोक कुमार जाखोदिया, डॉ. अनूप खन्ना, मनोज अग्रवाल, अमिताभ गुप्ता, अमित समित्र, राहुल निगम सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप