वक्ताओं ने कहा, ‘नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान’
--वात्सल्य सभागार में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का हुआ आयोजन
प्रयागराज, 27 अप्रैल (हि.स)। विपक्ष द्वारा महिला आरक्षण विधेयक को बाधित करने पर सोमवार को सिविल लाइन स्थित वात्सल्य सभागार में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने विपक्ष को घेरते इसे नारी का अपमान बताया और कहा कि ‘नारी शक्ति का स्वाभिमान विपक्ष ने फिर किया अपमान’।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं के संघर्ष का बहुत पुराना इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण का सपना देखा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी कई योजनाएं पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए चलाई। जो सपा, कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों को रास नहीं आया। ये विपक्ष महिलाओं को सिर्फ वोट का माध्यम समझते हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी लेकिन महिलाएं लोकसभा विधानसभा में भागीदारी चाहती हैं। मातृ शक्ति को यदि कोई आगे बढ़ाने का काम कर रहा है तो वो हैं पीएम मोदी। रानी लक्ष्मीबाई, देवी अहिल्याबाई का देश है ये। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी के अधिकार के सम्मान की लड़ाई लड़ी। विपक्षी पार्टियां नहीं चाहती कि उनके परिवार के अलावा कोई और महिला आगे बढ़े। ये अपमान जो विपक्ष द्वारा किया गया है उसका बदला वोट के माध्यम से लेना होगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि विपक्ष के लोगों से देखा नहीं गया कि महिलाएं आगे बढ़ें। बिल फेल होने पर विपक्ष ने जश्न मनाया। विपक्ष ने महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है। कांग्रेस व सपा के दिग्गज नेताओं के महिला विरोधी बयान जगजाहिर हैं। किंतु मोदी है तो मुमकिन है। महिला आरक्षण विधेयक लागू होकर रहेगा।
शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने कहा कि मातृ शक्ति ने हमेशा देश व समाज के लिए बलिदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यदि इतना बड़ा कदम उठाया है तो उस संकल्प को पूरा भी करेंगे। महिलाओं को पीएम मोदी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। कांग्रेस ने तो कभी इस बारे में नहीं सोचा।
मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से की गई। सम्मेलन के बाद जन आक्रोश पद यात्रा भी निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने राहुल गांधी होश में आओ, नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, जैसे नारे लगाकर विपक्ष के प्रति अपना आक्रोश प्रकट किया।
सम्मेलन का संचालन क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा काशी क्षेत्र वंदना सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन महिला मोर्चा जिला महामंत्री रीता सिंह ने दिया। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, शशि वार्ष्णेय, ज्योति मैत्रेय, दुर्गेश नंदिनी, स्वारिका भरद्वाज, चंद्रा अहलूवालिया, प्रियंका पराशर, कल्पना शर्मा, कंचनलता कुशवाहा, शिखा खन्ना, सरोज गुप्ता, रजनी त्रिपाठी आभा भारती, नीलम त्रिपाठी, सोनी भट्ट सीमा श्रीवास्तव आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र