जिस भाषा में सपने देखते हैं और सोचते हैं, वही हमारी वास्तविक भाषा होती है : मंडल रेल प्रबंधक
मुरादाबाद 25 मार्च (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय मुरादाबाद के मनन सभागार में बुधवार शाम को मण्डल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया।
मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि इस तिमाही बैठक की अध्यक्षता करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। एक प्रेरक विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि “हम जिस भाषा में सपने देखते हैं और सोचते हैं, वही हमारी वास्तविक भाषा होती है।“ उन्होंने ‘नदी के द्वीप’ तथा ‘कला’ शीर्षक से दो कविताएँ भी सुनाईं, जिन्हें उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत सराहा। मण्डल रेल प्रबंधक ने सभी से अपने दैनिक कार्यों में अधिकाधिक हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ मण्डल सामग्री प्रबंधक अजित सिंह व राजभाषा अधिकारी ज्ञान प्रकाश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में बैठक का संचालन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए तथा कुछ कर्मचारियों ने हिन्दी कविताएँ भी सुनाईं, जिससे वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक एवं साहित्यिक हो गया। बैठक के दौरान हिंदी भाषा को अपने रेल कार्य में अधिक से अधिक प्रयोग पर बल दिया गया I
बैठक में सभी शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे I बैठक के अंत में मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा हिंदी छमाही पत्रिका “अभिव्यक्ति” का विमोचन भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल