दीक्षारंभ से विद्यार्थियों को मिलेगी नई दिशा : प्रो. अधिप अग्रवाल
कानपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों एवं संस्थानों में आयोजित 'दीक्षारंभ-2026' के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शोध, खेल, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय, अनुशासन और रोजगारपरक अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अनुशासन, नवाचार और कौशल विकास को अपनाकर उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया गया। यह बातें शुक्रवार को आईआईटी कानपुर के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अधिप अग्रवाल ने कहीं।
स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज़ में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक प्रो. आर.के. द्विवेदी ने विद्यार्थियों का स्वागत किया, जबकि उपनिदेशक डॉ. अंजू दीक्षित ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, क्रेडिट प्रणाली, प्रयोगशालाओं और शोध गतिविधियों की जानकारी दी। विभिन्न विशेषज्ञों ने खेल, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय, हॉबी क्लब, प्रॉक्टोरियल बोर्ड और राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स में वरिष्ठ कलाकार प्रहलाद सिंह ने कला को व्यक्तित्व और रचनात्मक सोच के विकास का माध्यम बताया। निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने पाठ्यक्रमों, शोध, प्रदर्शनियों और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में नवाचार, छात्रवृत्ति, एनसीसी, खेल, अनुशासन और पुस्तकालय सुविधाओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। बीएफए, एमएफए और सर्टिफिकेट कोर्स के लगभग 140 विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।
स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट में आयोजित कार्यक्रम में एटरनिटी होटल के जनरल मैनेजर जसप्रीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि आतिथ्य उद्योग में रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यावसायिक कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा पर ध्यान देने का आह्वान किया।
निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट व्यवस्था की जानकारी दी। तीनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी और नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप