संगठित हिंदू समाज ही राष्ट्र की शक्ति : गजेंद्र

 


कानपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। संगठित हिंदू समाज ही राष्ट्र की शक्ति है। समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और संगठन का विस्तार समय की आवश्यकता है।” यह बातें शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहीं।

विहिप के 62वें स्थापना दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कानपुर में विहिप की ओर से दो कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के महानायक और विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज के लोगों ने सहभागिता की।

कानपुर उत्तर जिले की ओर से आयोजित 43वीं प्रभात फेरी का शुभारंभ क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने केसरिया पताका दिखाकर किया। यात्रा से पूर्व उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण, विश्व हिंदू परिषद के ध्येय तथा अशोक सिंघल के जीवन और संघर्षों की जानकारी दी। इस दौरान प्रभात फेरी के आरंभिक काल के शुभारंभकर्ता स्व. सुरेश गुप्ता और भगवती प्रसाद निगम ‘अल्लू बाबू’ का भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

प्रातः आठ बजे योगेश्वर श्रीकृष्ण की आरती, भजन-कीर्तन और ‘अशोक सिंघल अमर रहें’ के नारों के साथ प्रभात फेरी सोमदत्त प्लाजा से शुरू हुई। यात्रा बुक मार्केट, सद्भावना चौकी (यतीमखाना), चंद्रेश्वर हाता, नई सड़क, मसाले वाली गली, मिश्री बाजार, मेस्टन रोड, कोतवाली चौराहा, अस्पताल रोड और जयहिंद अखाड़ा होते हुए बंदूकेश्वर मंदिर, चौबेगोला पहुंची। समापन पर पनकी धाम के महंत जितेंद्र दास महाराज ने हिंदू समाज से संगठित होने का आह्वान किया। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण के साथ प्रभात फेरी संपन्न हुई।

दूसरे कार्यक्रम में चैतन्य नगर प्रखंड में विहिप स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता गजेंद्र ने हिंदू समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संगठन विस्तार पर जोर दिया।

कार्यक्रम में संत आशुतोष गिरी, मुख्य अतिथि मनोज वाल्मीकि, विशिष्ट अतिथि मंजू सक्सेना, विभाग अध्यक्ष नरेश महेश्वरी और प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना मौजूद रहे।

आयोजनों में विहिप प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना, प्रांत मंत्री राजू पोरवाल, बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा, प्रांत सह गौ रक्षा प्रमुख आशीष गुप्ता, प्रांत कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष सुशील गुप्ता, महानगर संयोजक बजरंग दल नरेश तोमर, विभाग संगठन मंत्री मनीष, गोपाल सहित संतोष गुप्ता, सतीश गुप्ता, दयाशंकर, चेतन, मनीष, रुचिन, गोपाल, उमेश, नितिन, अतुल, विवेक, ऋषभ, आकाश, गोविंद, टिंकू पंडित, गौरव शर्मा, दीपा दीपक शर्मा, अर्चिता, शशि और मानू समेत बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप