मुरादाबाद रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग हेतु प्रेरित करना : सीनियर डीसीएम
मुरादाबाद, 16 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत बुधवार को हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रसार तथा कार्यालय के कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुरादाबाद रेल मंडल में प्रतिवर्ष राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जाता है।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया 14 सितंबर से 30 सितंबर तक मुरादाबाद मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत मंडल में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों में हिंदी के प्रति अभिरुचि एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कर्मचारियों द्वारा निर्धारित समयावधि में हिंदी भाषा में अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रभावी एवं सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया गया।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा हिंदी भाषा के प्रति उनकी अभिरुचि को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से राजभाषा हिंदी के प्रति उनकी रुचि एवं प्रतिबद्धता परिलक्षित हुई।
मुरादाबाद मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मंडल के कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग हेतु प्रेरित करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल