त्योहारों से पहले शहर की सड़कें जल्द से जल्द हों दुरुस्त : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.) त्योहारों के मद्देनजर शहर की सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराकर जनसामान्य के आवागमन को सुगम बनाया जाए। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल पैच और मरम्मत का कार्य कराया जाए तथा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। यह निर्देश शनिवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को दिए।
नगर आयुक्त ने बेनाझाबर, हर्ष नगर, ब्रह्म नगर चौराहा, बकरमंडी, चुन्नीगंज, लाल इमली, वीआईपी रोड, ग्रीनपार्क चौराहा, परमट चौराहा, कचहरी, सरसैयाघाट चौराहा, मेघदूत तिराहा, फूलबाग, एलआईसी बिल्डिंग, पनचक्की चौराहा, सर्किट हाउस मुख्य मार्ग, पुरानी चुंगी जाजमऊ, केडीए चौराहे से जाजमऊ टेनरी, सीएम ग्रिड, सरल नर्सिंग होम लाल बंगला, जुगल पैलेस, पीएसी मोड़, यशोदा नगर बाईपास, दासू कुआं सीएम ग्रिड, किदवई नगर चौराहा, टाटमिल चौराहा, झकरकटी बस अड्डा, अफीम कोठी, जरीब चौकी चौराहा, द्वारिकापुरी कूड़ा अड्डा, गुमटी नंबर पांच चौराहा और कोका कोला चौराहा समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
वार्ड-5 ईदगाह क्षेत्र के हर्ष नगर में डाट नाला धंसने से बैठी सड़क का निरीक्षण किया गया। मौके पर अभियंत्रण खंड-4 और जलकल विभाग-04 द्वारा कार्य कराया जा रहा था। क्षतिग्रस्त सड़क के चारों ओर बैरीकेडिंग और शटरिंग का कार्य पाया गया। जलकल के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि 16 मीटर लंबाई में पाइप डालने का काम पूरा हो चुका है, जबकि आठ मीटर कार्य शेष है। इसे 10 से 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। नगर आयुक्त ने कार्य में तेजी लाते हुए इसे एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जोनल अभियंता-4 को सड़क रेस्टोरेशन का कार्य शुरू कराकर मार्ग को जल्द यातायात के लिए सुगम बनाने को कहा।
धंसी सड़क के किनारे एक मकान पूरी तरह गिरा मिला। नगर आयुक्त ने संबंधित भवन स्वामी को सीएंडडी वेस्ट हटाने के लिए नोटिस देने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में मलबा नहीं हटाने पर नगर निगम के संसाधनों से उसे हटाकर भवन स्वामी से यूजर चार्ज वसूलने को कहा गया।
जाजमऊ में नई चुंगी के पास हुए गड्ढे का भी दोबारा निरीक्षण किया गया। पूर्व निर्देश के अनुसार लीकेज ठीक कराकर सड़क पर सैंड फिलिंग से गड्ढा भर दिया गया था। नगर आयुक्त ने तत्काल जीएसबी आदि से पैच कराकर शनिवार रात से ही हल्के वाहनों का आवागमन शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि जाम की स्थिति न बने।
जोन-2 में लाल बंगला से वीआईपी रोड तथा जेके प्रथम मार्ग से पैसिफिक लॉन जाने वाली सीएम ग्रिड सड़क का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क की लंबाई 2.60 किलोमीटर है। सड़क पर बाजार क्षेत्र में पार्किंग, पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ और दिव्यांगजनों के लिए रैंप का प्रावधान किया गया है। मौके पर सड़क की सरफेस मिलिंग का कार्य चल रहा था। केडीए चौराहे के पास सड़क की गुणवत्ता की भी जांच की गई। नगर आयुक्त ने कार्य को डेढ़ माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आगामी त्योहारों में बाजार क्षेत्र में आवागमन प्रभावित न हो।
शिव कटरा से मनोज इंटरनेशनल तक निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिली। काजीखेड़ा में एक प्लाट में बड़ी मात्रा में कूड़ा पाया गया। गंदगी मिलने पर सफाई पर्यवेक्षक शिव कुमार का तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सफाई निरीक्षक गोरखनाथ को कठोर चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में दोबारा गंदगी मिलने पर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को अपनी देखरेख में संबंधित स्थल की सफाई कराकर फोटो ग्रुप में डालने के निर्देश दिए गए।
मनोज इंटरनेशनल से श्याम नगर तक निरीक्षण में ग्रीन बेल्ट में उगी झाड़ियों को तत्काल साफ कराने के निर्देश प्रभारी अधिकारी उद्यान को दिए गए। निर्देश के एक घंटे के भीतर झाड़ियां हटाने का कार्य शुरू करा दिया गया।
श्याम नगर मुख्य मार्ग पर गड्ढा मिलने पर नगर आयुक्त ने इसे एक घंटे के भीतर मोटरेबल कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले कच्चा पैच कराकर मार्ग को मोटरेबल कराया गया था, लेकिन तेज बारिश के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई।
यशोदा नगर में एनएच-19 से नमक फैक्ट्री चौराहा, राजा राम चौराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक जाने वाली 4.65 किलोमीटर लंबी सीएम ग्रिड सड़क का भी निरीक्षण किया गया। सड़क बाजार और घनी आबादी के बीच से गुजरती है। इसके बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ हमीरपुर जाने वाले लोगों को नौबस्ता से होकर जाने की आवश्यकता कम होगी। सड़क पर फुटपाथ, डिवाइडर, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और टैक्टाइल टाइल का प्रावधान किया गया है। मौके पर फुटपाथ में स्टैम्प्ड कंक्रीटिंग का कार्य प्रगति पर मिला। नगर आयुक्त ने कार्य में तेजी लाकर डेढ़ माह में सड़क का काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को पूरे क्षेत्र का दोबारा निरीक्षण कर सभी गड्ढों को मोटरेबल कराने तथा 15 सितंबर से पैचिंग का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप