बांदा में 10 घंटे की बारिश से बेहाल, ऑरेंज अलर्ट जारी

 


-सुबह 11 बजे तक 30 एमएम बारिश, बाजारों में सन्नाटा

बांदा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने शुक्रवार को तेज रफ्तार पकड़ ली। गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार दोपहर तक लगातार जारी रही। करीब 10 घंटे से हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे तक जिले में 30 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। जुलाई, अगस्त और सितंबर में लगातार बारिश होने के कारण जिले में औसत से अधिक वर्षा हो चुकी है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश को अब अतिवृष्टि की स्थिति माना जा रहा है।

बारिश के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और सड़कों पर भी रोजाना की अपेक्षा चहल-पहल काफी कम रही। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर से 26 सितंबर तक जनपद बांदा में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा नदियों, नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने को कहा है। जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

इसके अलावा बिजली के खंभों, टूटे तारों, पेड़ों और जर्जर भवनों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न रहने तथा तेज बहाव वाले पानी में उतरने अथवा उसे पार करने का प्रयास न करने की हिदायत दी गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा जानकारी के लिए मौसम विभाग, प्रशासन तथा ‘सचेत’ ऐप से प्राप्त सूचनाओं पर ध्यान देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने काे कहा है।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपदवासियों से ऑरेंज अलर्ट की अवधि में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। वही जिला कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर दिनेश शाह ने बताया कि सुबह 11 तक 30 एम एम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वर्षा खबर लिखे जाने तक जारी है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह