यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं, सरकार का ऑपरेशन सेफ्टी बना सख्ती की मिसाल

 


लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने परिवहन विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय विशेष अभियान ऑपरेशन सेफ्टी चलाया गया। अभियान के दौरान लंबी दूरी की स्लीपर बसों सहित 425 वाहनों की जांच की गई। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 152 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 26 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।

स्लीपर बसों की सुरक्षा पर विशेष नजर

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश और परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में बस बॉडी कोड के उल्लंघन, निर्धारित क्षमता से अधिक सीटें लगाने, अतिरिक्त सवारियां बैठाने, आपातकालीन निकास और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की गई। साथ ही चालकों के नशे में होने और परमिट शर्तों के पालन को भी परखा गया। अनियमितताएं मिलने पर तत्काल चालान और वाहन बंद करने की कार्रवाई की गई।

नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग की सख्ती

अपर परिवहन आयुक्त एवं अभियान के नोडल अधिकारी केडी सिंह गौर ने कहा कि, अनुमन्य क्षमता से अधिक सीटें पाए जाने पर 14 बसों का चालान और एक बस बंद की गई। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर 19 बसों का चालान हुआ। आपातकालीन निकास क्रियाशील न होने पर 12 और अग्नि सुरक्षा उपकरण काम नहीं करने पर 10 बसों का चालान किया गया, जबकि चार बसें निरुद्ध की गईं। परमिट शर्तों के उल्लंघन में 86 बसों पर कार्रवाई हुई। वहीं, माल वाहनों में यात्रियों को ढोने पर 12 वाहनों का चालान और दो माल वाहन बंद किए गए।

सुरक्षित सफर के लिए अभियान जारी रखने का संकल्प

दो दिवसीय अभियान में कुल 152 वाहनों का चालान और 26 वाहनों को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई के दौरान 61.65 लाख रुपये प्रशमन शुल्क और 2.62 लाख रुपये टैक्स की प्राप्ति हुई। केडी सिंह गौर ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन