वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्ष फैला रहा भ्रम: शंकर गिरी

 


– भाजपा की वक्फ सुधार जनजागरण कार्यशाला

वाराणसी, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को रोहनियां स्थित पार्टी कार्यालय में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

कार्यशाला में शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद से पारित वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 को लेकर विपक्षी दल, विशेषकर कांग्रेस, देश में भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को अधिनियम की वास्तविक जानकारी देना और फैलाई जा रही अफवाहों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक पसमांदा समाज, पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों, सिख, ईसाई समुदायों और आम नागरिकों की संपत्तियों की रक्षा करेगा, जो पूर्व में वक्फ कानूनों की आड़ में अवैध कब्जे का शिकार हो रही थीं। अब जिसका जो हक है, उसे उसका हक मिलेगा।

प्रदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम न केवल महिलाओं और कमजोर वर्गों को सशक्त बनाएगा, बल्कि विरासत व व्यक्तिगत संपत्ति के अधिकारों की भी रक्षा करेगा। उन्होंने बताया कि वक्फ संपत्तियों की मनमानी घोषणा, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता को रोकने के लिए अब लेखा-जोखा और निरीक्षण की प्रक्रिया भी लागू की जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एजेंडा केवल नकारात्मकता फैलाना है। हमें इस दुष्प्रचार का जवाब जनता के बीच जाकर देना होगा। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने की। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में जाकर अधिनियम के लाभ और उद्देश्य को स्पष्ट करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष यूसुफ खान, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश दुबे एवं जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम ने भी अपनी बात रखी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी