विपक्ष सत्ता का भूखा, यही उनकी हार का मुख्य कारण : अपर्णा यादव

 


बहराइच, 27 अप्रैल (हि.स.)। एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को बहराइच पहुँची राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार द्वारा महिलाओं एवं बेटियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

जन्मोत्सव कार्यक्रम उपरान्त उन्होंने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में नतीजे आएंगे। कहा कि वहां की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। विपक्ष पर हमलावर होते हुए आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष कभी एकजुट नहीं रहा। विपक्षी दल सिर्फ सत्ता के भूखे हैं। उनकी हार का यही मुख्य कारण है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन करने के दौरान झुलसीं सदर भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल पर तंज कसने के सवाल पर अपर्णा ने कहा कि विधायक का झुलस जाना एक दुखद घटना है। कहा कि राजनीति अपने स्थान पर है लेकिन ऐसे मामलों में सभी को संवेदनशील भूमिका निभाना चाहिए। उनके साथ यहां पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य (प्रभारी) डॉ मलिक शाहनवाज,सीएमएस डॉ एम.एम.एम. त्रिपाठी मौजूद रहे।

अपर्णा यादव ने जनपद के एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान महर्षि बालार्क चिकित्सालय के एम.सी.एच. विंग के निरीक्षण पश्चात जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रीमती यादव ने महिला बैरक का भ्रमण कर महिला बन्दियों तथा उनके साथ रहे बच्चों से वार्ता कर कुशल क्षेम पूछा तथा कारागार द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हाेंने महिला बन्दियों से भेंट करते हुए उनके साथ रह रहे बच्चों को कपड़े एवं उपहार का वितरण किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह, जेलर अजय कुमार झा, डिप्टी जेलर रंजीत सिंह व माधुरी तिवारी अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA