ऑपरेशन ‘वज्र’ की बड़ी सफलता: 841 फरार अभियुक्त गिरफ्तार, 28 पर था इनाम घोषित

 


गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान ऑपरेशन वज्र के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में जनवरी से अब तक कुल 841 फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कई लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे आरोपी भी शामिल हैं।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में अब तक की गई कार्रवाई में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में 28 ऐसे आरोपित भी शामिल हैं, जिन पर पुलिस द्वारा इनाम घोषित किया गया था, जबकि 245 फरार अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके और फरार अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

इस अभियान में पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों और थानों की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसमें एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना पुलिस बल का उल्लेखनीय योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य न केवल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी है, बल्कि जिले में अपराध की रोकथाम और जनता में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय