आगामी चुनावों में कोई भी दल गठबंधन कर ले खिलेगा कमल ही : केशव प्रसाद मौर्य
मुरादाबाद, 14 जून (हि.स.)। वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार बनती रहेगी। उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कोई भी दल किसी भी दल के साथ गठबंधन कर ले खिलेगा कमल ही। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भारतीय जनता पार्टी 325 प्लस सीटें जीतेगी। साथ मुरादाबाद जनपद की सभी 6 विधानसभा सीटों पर कमल खिलेगा।
यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मुरादाबाद के सर्किट हाउस सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित मीडिया संवाद (प्रेस वार्ता) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि बीते 12 वर्ष सेवा, सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की थीम पर नरेंद्र मोदी कार्य करते हुऎ पुरी दुनिया में भारत का बजा दिया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्यकाल के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि करोड़ों गरीबों को पक्के आवास व आयुष्मान कार्ड, लाखों महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, किसानों को सम्मान निधि तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल