वांगचुक के समर्थन में किसान संगठन ने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल की

 


हाथरस, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के समर्थन में स्थानीय तहसील परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल की। संगठन ने केंद्र सरकार से वांगचुक द्वारा उठाए गए जनहित और पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। भूख हड़ताल शाम पांच बजे तक चली।

भूख हड़ताल का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से हुआ। कार्यकर्ताओं ने देश की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, किसानों की खुशहाली और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की कामना करते हुए हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरना स्थल पर बैठ गए और सांकेतिक भूख हड़ताल शुरू कर दी।

भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरणविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। वह बच्चों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, नीट परीक्षा में पेपर लीक सहित विभिन्न जनहित के विषयों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। संगठन ने उनके आंदोलन को देशभर में समर्थन देने के लिए ऐसे सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

इसी दौरान, किसान नेताओं ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रीय किसानों की मक्का खरीद से संबंधित समस्याओं को भी उठाया। ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी, जिलाध्यक्ष सत्यदेव पाठक, तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष विश्वजीत आर्य, ओमवीर सिंह, ओमप्रकाश, राजकुमार, उदयवीर, कृष्णवीर, रघुवीर सिंह, प्रेमचंद शर्मा और पदम सिंह आर्य सहित अनेक किसान नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना