संविधान दिवस पर मुरादाबाद में आयोजित होंगे ‘‘एक स्वर-एक संविधान’’ कार्यक्रम

 




-कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आपसी समन्वय स्थापित किया जाए : नोडल अधिकारी

मुरादाबाद, 22 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुरादाबाद द्वारा संचालित संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर ‘‘एक स्वर-एक संविधान’’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस आयाेजन के संबंध में आज नोडल अधिकारी/अपर जिला जज घनेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता, कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों के आवागमन, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक समन्वयात्मक व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। नोडल अधिकारी घनेन्द्र कुमार द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि संविधान दिवस के अवसर पर अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता मुख्य कार्यक्रम में सुनिश्चित की जा सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी द्वारा संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग एवं निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने की अपेक्षा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक रीतु तोमर तथा यातायात निरीक्षक (टीआई) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल