सुलतानपुर : गोमती नदी में नहा रहे युवक की डूबने से मौत

 




सुलतानपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर बेलहरी गांव में गोमती नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य किशोर भी डूब रहे थे, जिन्हें 13 वर्षीय एक लड़के ने बहादुरी से बचा लिया। मृतक की पहचान कुलदीप (23) के रूप में हुई है।

गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर बेलहरी गांव में मंगलवार को कुलदीप अपने गांव के मंजीत (15), कल्लू (13) और ओम लाल (15) के साथ मछली पकड़ने गोमती नदी पर गए थे। नदी किनारे पहुंचने पर सभी ने नहाने का फैसला किया, तभी चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

इसी दौरान पास में भैंस चरा रहे 13 वर्षीय राजकुमार ने उन्हें डूबते देखा। उसने तुरंत दौड़कर अथक प्रयास से तीनों किशोरों मंजीत, कल्लू और ओम लाल को बचा लिया। हालांकि, कुलदीप का वजन अधिक होने के कारण वह उसे नहीं बचा सका।

घटना की सूचना मिलते ही गांव और प्रशासन को जानकारी दी गई। एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात सिंह, तहसीलदार मयंक मिश्रा और गोसाईंगंज थाना प्रभारी अखंड देव मिश्रा मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कुलदीप का शव नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुलदीप मजदूरी करता था और अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

घटना के बाद जयसिंहपुर ब्लॉक प्रमुख राहुल शुक्ला गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने तीनों किशोरों की जान बचाने वाले राजकुमार को आर्थिक सहायता प्रदान की और उसकी मां को सम्मानित किया। ब्लॉक प्रमुख ने यह भी कहा कि 'यह बच्चा जब तक पढ़ना चाहेगा, उसकी शिक्षा का सारा खर्च हम वहन करेंगे'।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त