चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल झपटकर फरार होने वाले एक आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद की गौरीबाजार थाना पुलिस ने चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल झपटकर फरार होने वाले एक आरोपित को गुरुवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस दूसरे आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि थाना गौरीबाजार में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान एक सूचना पर भगुआ मंदिर के पास से बैतालपुर पूरब टोलाा निवासी राज चौहान (19) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने बैतालपुर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से एक यात्री का मोबाइल झपटने की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में प्रकाश में आए दूसरे आरोपित मनीष चौहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक