रक्षाबंधन पर यात्रियों से सम्मानजनक व्यवहार करें चालक-परिचालक : एआरटीओ

 


जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए यात्री वाहनों के संचालन को लेकर परिवहन विभाग ने बस ऑपरेटरों, ऑटो-टेंपो स्टैंड संचालकों और वाहन चालकों-परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान यात्रियों से सम्मानजनक व्यवहार करने तथा निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, जौनपुर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के बस ऑपरेटरों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ ऑटो-टेंपो स्टैंड संचालक उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रक्षाबंधन के दौरान स्टैंड से संचालित होने वाले सभी यात्री वाहनों के चालकों और परिचालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।

एआरटीओ ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए वाहन संचालन में विशेष सावधानी बरती जाए। चालकों को ओवरलोड सवारी न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने और गलत तरीके से ओवरटेकिंग से बचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शराब का सेवन कर वाहन चलाने पर पूरी तरह रोक लगाने तथा यात्रियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने को कहा गया।ऑपरेटरों और स्टैंड संचालकों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक धनराशि न वसूली जाए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव