पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी में 76 बटुकों ने किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक, दीर्घायु की हुई कामना
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बटुकों के साथ किया पूजन-अर्चन, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर गंगे के जयघोष से गूंजा गंगा तट
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 बटुकों के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 76 बटुकों ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। कार्यक्रम में मौजूद लोग हाथों में प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लिए दिखाई दिए। मां गंगा के जयघोष और वैदिक मंत्रों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा, आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 76 बटुकों के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की गई।
उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं में मां गंगा का विशेष स्थान है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मां गंगा की आराधना कर उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करना काशी की आस्था और परंपरा से जुड़ा भाव है।
इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा के जयघोष से गंगा तट भक्तिमय हो उठा।