ओंकारेश्वर जवाहर नगर स्कूल का शानदार प्रदर्शन, श्रेया पाठक ने 96 प्रतिशत अंक पाकर शहर में पांचवीं रैंक हासिल की

 


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। हमारे विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए हैं। श्रेया पाठक सहित सभी मेधावियों ने विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे स्टाफ और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि ये छात्र भविष्य में भी इसी तरह सफलता अर्जित करेंगे। यह बातें गुरुवार को प्रधानाचार्य राम मिलन सिंह ने कही।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में कानपुर के ओंकारेश्वर जवाहर नगर स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हाईस्कूल वर्ग में छात्रा श्रेया पाठक ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शहर में पांचवीं रैंक हासिल की। वहीं आदर्श आदित्य राजपूत और वंशिका निगम ने 94.8 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से दसवीं रैंक प्राप्त की।

इंटरमीडिएट वर्ग में भी विद्यालय का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। जानवी ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शहर में सातवीं रैंक हासिल की। इसके साथ ही अपर्णा सिंह ने 92.80 प्रतिशत अंक पाकर दसवीं रैंक प्राप्त की। विशेष बात यह रही कि अपर्णा सिंह ने आईआईटी जेईई मेंस परीक्षा भी क्वालीफाई की है, जिससे विद्यालय में खुशी का माहौल है।

परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों को शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य द्वारा मिष्ठान खिलाकर बधाई दी गई। अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे उनके परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप