सपा सरकार में गैंगवार और बड़े अपराधियों का था प्रभाव, अब ऐसे अपराधी या तो जेल में हैं या हो चुके हैं खत्म : ओमप्रकाश राजभर
जौनपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को जलालपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले गैंगवार और बड़े अपराधियों का प्रभाव था, लेकिन अब ऐसे अपराधी या तो जेल में हैं या खत्म हो चुके हैं। उन्होंने यह बात खुशी होटल में जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
राजभर ने जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राय ने उनके साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी का उम्मीदवार दिया और सुभासपा का चुनाव चिह्न दिलवाया। राजभर ने राय को बहस की चुनौती भी दी।
सीटों के बंटवारे के सवाल पर राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी शाहगंज सीट मांग रही थी, लेकिन वहां सुभासपा का मौजूदा विधायक है। ऐसे में सीट मांगना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार सीटों पर निर्णय होगा।
सपा सरकार पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने आजम खान का संदर्भ दिया और मंच पर कुत्ते से नेताओं के हाथ मिलाने संबंधी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उस समय की राजनीतिक व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने चाहिए।
राजभर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर स्थिति ठीक है। उन्होंने पुलिस बल में बढ़ोतरी और महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ने का भी दावा किया।
इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की समीक्षा की और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव