मानसिक विक्षिप्त वृद्धा ने फांसी लगाकर दी जान

 


औरैया, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र स्थित मुढ़ी हुलासराय गांव में शनिवार को मानसिक विक्षिप्त वृद्धा ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव में रहने वाले आशीष कुमार ने बताया कि उसके भाई अवध, भूपेंद्र और अजय दिल्ली में रहते है। जबकि वह गांव में अपनी मां रेवावती (70) के साथ रहकर मजदूरी करता था। पिता की मौत के बाद से उसकी मां मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं। अक्सर आत्महत्या करने की बातें करती थीं। कई बार नहर में कूदकर जान देने का प्रयास कर चुकी थीं, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उन्हें बचा लिया था।

शुक्रवार रात भोजन करने के बाद आशीष दूसरे मकान में सोने चला गया, जबकि उसकी मां पुराने घर में अकेली थीं। शनिवार सुबह जब वह घर पहुंचा तो रसोई घर में लगी बल्ली से रस्सी के फंदे पर मां का शव लटका मिला। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए और शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पर एसआई शिव प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से बीमार थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

————————————————

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार