व्यावसायिक क्षेत्र और पार्किग स्थलों में खड़े पुराने वाहन होंगे जब्त
नोएडा, 11 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय और राजमार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों में खड़े अवधि पूरी कर चुके पुराने वाहन जब्त होंगे। इसके लिए गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर की परिवहन प्रवर्तन टीमों ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। चारों जिलों में प्रवर्तन टीमों ने अब तक 2000 से ज्यादा पुराने वाहन जब्त करके कबाड़ सुविधा केंद्रों के सुपुर्द किए हैं।
आरटीओ प्रवर्तन गाजियाबाद डॉ. सियाराम वर्मा ने कहा कि परिवहन आयुक्त की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ प्रभावी और वाहन कबाड़ सुविधा केंद्रों के माध्यम से निस्तारण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की गई है। इसके तहत एनसीआर में दस वर्ष की समयसीमा पूरी तक चुके डीजल और 15 वर्ष की अवधि पूरी कर चुके पेट्रोल वाहनों की पहचान की जा रही है। गौतमबुद्ध नगर में 618, गाजियाबाद में 704, बुलंदशहर में 286 और हापुड़ में 429 पंजीकृत वाहनों की पहचान करते कबाड़ सुविधा केंद्रों के सुपुर्द किया गया है।
उन्होंने कहा कि वाहन के पंजीकरण विवरण, वाहन मालिक की जानकारी और प्रवर्तन की कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है। वाहन मालिक नियमों और दिशा निर्देशों का पालन न करें व आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन न करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी