खेत में अमरूद के पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव
कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुरवा गांव में बुधवार को अमरूद के पेड़ से एक बुजुर्ग का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।
मृतक की पहचान गोपालपुरवा निवासी देवीदीन (82) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को किसी बात को लेकर पत्नी सुंदरा से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए। देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिवार ने आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने बताया कि देवीदीन पहले भी किसी बात पर नाराज होकर घर से चले जाते थे। कुछ समय बाद वह खुद ही वापस लौट आते थे। इसी वजह से परिवार के लोग उनके वापस आने की उम्मीद कर रहे थे। मंगलवार को भी परिजनों ने उनकी तलाश जारी रखी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
आज उनका छोटा बेटा बंशीलाल खेत की ओर गया था। वहां उसने अमरूद के पेड़ पर गमछे के सहारे पिता का शव लटका देखा। उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना प्रभारी राजकेसर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मौत की स्थिति व कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होंगे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप