दिव्यांगजनों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी : राज्य आयुक्त
कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित मोबाइल कोर्ट में 106 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें आवास, शौचालय, राशन कार्ड और पेंशन से संबंधित मामले प्रमुख रहे। राज्य आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। यह बातें शुक्रवार को अवधपुरी स्थित डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर दिव्यांगजन में आयोजित मोबाइल कोर्ट के दौरान राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन ने कहीं।
मोबाइल कोर्ट का आयोजन दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया। इसमें दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राज्य आयुक्त ने दिव्यांगजनों के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और समाज में उनकी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों को समावेशी वातावरण में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, रोजगार में आरक्षण और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को सप्ताह में तीन दिन दिव्यांग बोर्ड आयोजित करने और विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निस्तारण करने को कहा गया। पहले से लंबित आवेदनों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पात्र दिव्यांगजनों के अनावश्यक रूप से अस्थायी प्रमाण पत्र नहीं बनाने को कहा गया। मोबाइल कोर्ट में मेडिकल बोर्ड ने पूर्णिमा अवस्थी और संजय कुमार को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए।
आवास योजना के तहत दिव्यांगजनों को निर्धारित आरक्षण के अनुसार आवास उपलब्ध कराने के लिए परियोजना अधिकारी, डूडा को निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रावधानों के तहत आवश्यकतानुसार अभियोग दर्ज करने को कहा गया।
मोबाइल कोर्ट में अपर जिलाधिकारी (नगर), परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपनिदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप