जिलाधिकारी 15 दिन में और मंडलायुक्त प्रत्येक माह में करें अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक : योगी आदित्यनाथ

 


मुरादाबाद, 29 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद के सर्किट हाउस सभागार में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक करके जनपद में विकास कार्यों, राजस्व कार्यों एवं कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। सीएम ने निर्देश दिया कि जिलाधिकारी 15 दिन में और मंडलायुक्त प्रत्येक माह में अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक करें।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जनपद में वर्ष 2014 से पूर्व एवं वर्ष 2014 से अब तक केंद्र सरकार की योजनाओं की तुलनात्मक प्रगति तथा वर्ष 2017 से पूर्व एवं वर्ष 2017 से अब तक की प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की तुलनात्मक प्रगति के बारे में विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम की राजस्व वसूली, नारी सुरक्षा, ऑपरेशन रिक्लेम, स्वच्छता रैंकिंग, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की आय एवं व्यय, राजस्व संग्रह के साथ साथ बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डूडा, हर घर जल योजना, महिला कल्याण, समाज कल्याण, छात्रवृत्ति योजना, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, गन्ना मूल्य भुगतान, गेहूं खरीद, पशुपालन, पर्यटन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, विद्युत आपूर्ति, पंचायती राज, वन, राजस्व वाद एवं आइजीआरएस आदि के बारे में विस्तृत रूप से समीक्षा की और संबंधित विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह ने बताया कि जिला पंचायत की करीब पौने तीन एकड़ जमीन जिले में मुरादाबाद काशीपुर बॉर्डर पर उपलब्ध है जिस पर गर्ल स्टेडियम का निर्माण उपयोगी साबित होगा, इस पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने नियमानुसार प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देश दिए।

विधायक मुरादाबाद शहर रितेश गुप्ता ने कहा की आवास विकास परिषद के अंतर्गत गांधी मैदान को विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के लिए निर्धारित कर दिया जाए, जिसके संबंध में भी मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा जाए।

सीएम ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत जनपद में संचालित गौशालाओं की संख्या और वहां संरक्षित गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था एवं उपचार की व्यवस्था के बारे में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल