जलभराव प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क रखें अधिकारी : अनुभव सिंह

 


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। जलभराव से प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और उनकी जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। पानी उतरने के बाद प्रभावित इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाकर संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए दवाओं और कीटाणुनाशक का छिड़काव कराया जाए। यह निर्देश रविवार को पांडु नदी से सटे निचले इलाकों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने अधिकारियों को दिए।

एसडीएम सदर ने नगर निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बर्रा और गुजैनी क्षेत्र में पांडु नदी से सटे निचले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रारंभिक आकलन में नदी के किनारे के करीब 25 से 30 मकानों में जलभराव पाया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जलभराव, आवागमन और राहत सामग्री की जरूरत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहने और आवश्यकता के अनुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जलभराव से प्रभावित परिवार फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। अधिकांश परिवार अपने दूसरे आवास या रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं, जबकि कुछ परिवार किराये के मकानों में चले गए हैं। प्रभावित लोगों की सुविधा के लिए कंपोजिट विद्यालय में राहत शिविर बनाया गया है, जहां जरूरी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। राहत किट के वितरण के लिए मांग भी भेजी गई है।

एसडीएम ने नगर निगम अधिकारियों को क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल और स्वच्छता की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा। पानी कम होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने और संक्रमण की रोकथाम के लिए दवाओं व कीटाणुनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए।

जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पीओ डूडा के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों की पात्रता की जांच कराई जाएगी। पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय योजना से जोड़ने की कार्रवाई होगी। वहीं सिंचाई विभाग पांडु नदी के फ्लड प्लेन क्षेत्र को सुरक्षित रखने और अतिक्रमण हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी मौजूद रहे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप