नगर निगम प्रांगण में योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास

 


गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम प्रांगण में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आयुष विभाग के अनुभवी योगाचार्य ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त अजय जैन सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में योगाचार्य ने सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए, ताकि वह स्वस्थ और निरोग रह सके। नगर आयुक्त अजय जैन ने भी सभी कर्मचारियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर कार्यक्षमता का आधार है।

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ योगाभ्यास कर सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय