पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय लखनऊ से आई अधिकारियों की टीम ने हनुमान मंदिर का किया सर्वे

 


मुरादाबाद, 19 फ़रवरी (हि.स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय लखनऊ से आई अधिकारियों टीम ने गुरूवार को मुरादाबाद के मूंढापांडे ब्लाक के ग्राम भीतखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए मंदिर प्रांगण का सर्वे किया। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बीते सप्ताह उप्र सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मिलकर भीतखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार की मांग की थी।

ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि करीब दाे करोड़ रुपये की इस परियोजना से मंदिर में बहुउद्देशीय हॉल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, यात्री बेंच, म्यूरल, लैंडस्केपिंग आदि कार्य कराए जाएंगे। सर्वे उपरांत परियोजना की स्वीकृति होते ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में धन आवंटन के बाद हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा।

मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सर्वे टीम में शामिल एई पर्यटन विभाग सौरभ सिंह और आर्किटेक्ट सादिक खान द्वारा सर्वे किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे डा. नवदीप यादव, जयवीर सिंह, प्रधानलाल श्यामलाल, नेपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सैनी, विपिन, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल