अधिकारी सभी फोन कॉल को रिसीव करें और जवाब भी अवश्य दें : प्रभारी मंत्री

 


मुरादाबाद, 04 जून (हि.स.)। केंद्र व उप्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुंचे। अधिकारी और कर्मचारी आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करें। अधिकारी सभी फोन कॉल को रिसीव करके का जवाब अवश्य दें तथा लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय प्रयास करें। यह बातें उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री व मुरादाबाद जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने गुरुवार शाम को दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बीते माह आयोजित कोर कमेटी की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं विभागीय प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

ठाकुरद्वारा बस अड्डे के प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज से प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस पर बताया गया कि बस अड्डे के विकास संबंधी प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है। माननीय मंत्री ने निर्देशित किया कि प्रस्ताव पर की जा रही कार्रवाई एवं प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए।

बैठक में विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा जनपद में उपलब्ध इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के संबंध में प्रश्न उठाया गया। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज ने बताया कि जनपद में पंजीकृत चार इलेक्ट्रिक बसें वर्तमान में दिल्ली मार्ग पर संचालित की जा रही हैं, जबकि अन्य उपलब्ध इलेक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं मुख्यालय स्तर पर लंबित हैं। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन एवं जनपद में उनकी उपयोगिता के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़कों के किनारे कूड़ा डाले जाने से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा के दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि ऐसे लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं तथा कूड़ा हटाने का विशेष अभियान भी संचालित किया जा रहा है। भविष्य में सड़क किनारे कूड़ा डालने से रोकने हेतु चेतावनी भी दी जा रही है। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सड़कों की स्वच्छता एवं यातायात सुगमता बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था के संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान, एमएलसी सतपाल सैनी, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, उपाध्यक्ष मुरादाबाद विकास प्राधिकरण अनुभव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगीता गौतम आदि माैजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल