विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर आपत्तिजनक पोस्ट, सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ एफआईआर
कानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा पदाधिकारी की तहरीर पर नौबस्ता थाने में सोशल मीडिया अकाउंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
भाजपा के जिला सहकोषाध्यक्ष ललित तिवारी ने नौबस्ता थाने पहुंचकर देर शाम पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि सोशल मीडिया पर सतीश महाना को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की गई है, जिसमें उनके लिए अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। भाजपा पदाधिकारियों ने पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पोस्ट की सत्यता के साथ ही उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अकाउंट संचालक की पहचान करना है। शुरुआती जांच में पता लगाया जा रहा है कि ‘अनूप गुप्ता’ नाम से संचालित अकाउंट वास्तव में किस व्यक्ति का है और पोस्ट कहां से अपलोड की गई थी। इसके लिए अकाउंट की गतिविधियों और डिजिटल माध्यमों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर साइबर सेल की मदद ली जाएगी।
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है। उन्होंने पोस्ट करने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप