चुनार-चोपन रेल खंड के समपार फाटक 19 के स्थान पर रोड ओवरब्रिज के लिए लगे गर्डर
प्रयागराज, 19 जून (हि.स)। मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में रेल एवं सड़क यातायात को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। चुनार-चोपन रेल खंड पर लूसा के निकट स्थित समपार फाटक 19 के यातायात सुगम बनाने के लिए निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज के रेलवे भाग पर स्टील गर्डरों की स्थापना का कार्य पूर्ण किया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि निर्माणाधीन आरओबी की कुल लम्बाई 585 मीटर है, जबकि रेलवे हिस्से की लम्बाई 36 मीटर तथा चौड़ाई 7.5 मीटर है। यह परियोजना चुनार नगर को राज्य राजमार्ग-35 (मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग) से बेहतर एवं निर्बाध सम्पर्क प्रदान करेगी। रोड ओवर ब्रिज निर्माण के बाद समपार फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा सड़क एवं रेल दोनों यातायात की सुरक्षा और परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल निष्पादन में उप मुख्य अभियंता (ब्रिज-लाइन) प्रयागराज आई.पी.एस यादव; सहायक कार्यकारी अभियंता (ब्रिज- लाइन) प्रयागराज लाल बहादुर तथा ब्रिज लाइन टीम की विशेष भूमिका रही। टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर इस महत्वपूर्ण चरण को पूरा किया गया। पीआरओ ने अंत में कहा कि रोड ओवर ब्रिज के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र के निवासियों, व्यापारिक गतिविधियों तथा यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्रीय विकास एवं बेहतर यातायात अवसंरचना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र