पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला : सुमन यादव

 




गोरखपुर, 28 सितंबर (हि.स.)l महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की माता अनुसूइया इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोषण स्वास्थ्य एवं एनीमिया जागरूकता अभियान का आयोजन साेमवार काे बालापार गांव में किया गया। अभियान का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुमन यादव ने कहा कि पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेविकाओं द्वारा जागरूकता रैली के माध्यम से किया गया। रैली के दौरान स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न स्लोगन एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार अपनाने, आयरन एवं पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के सेवन तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। अभियान के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति भी दी गई। इसके साथ ही पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से पोषण एवं एनीमिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया। अभियान का एक महत्वपूर्ण आयाम घर-घर संपर्क भी रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय