नर्सिंग होम एसोसिएशन ने 101 किलो दूध से लोगों को पिलाया शीतल शरबत

 


मथुरा, 25 मई (हि.स.)। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर साेमवार को समाजसेवा और धर्मार्थ कार्यों की अनूठी मिसाल देखने को मिली। बाढ़पुरा सदर रोड स्थित बीएल तिवारी मेमोरियल अस्पताल के बाहर सोमवार को नर्सिंग होम एसोसिएशन मथुरा द्वारा श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए ठंडे दूध-रूह अफजा शरबत की प्याऊ लगाई गई। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शीतल शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की। कार्यक्रम के दौरान करीब 101 किलो दूध से विशेष रूह अफजा शरबत तैयार किया गया, जिसे पूरे दिन श्रद्धालुओं, मरीजों के परिजनों और राहगीरों को वितरित किया गया। प्याऊ स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। गर्मी से राहत देने वाले इस सेवा कार्य की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।

इस पुण्य कार्य में नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुलशन कुमार, सचिव डॉ. वर्षा तिवारी और ट्रेजरर डॉ. अंशुल गोयल ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र तिवारी,डॉ अवधेश अग्रवाल, डॉ बीएस गोयल, डॉ अनु गोयल, डॉ संजय गुप्ता, डॉ मोनिका गुप्ता, डॉ जेएस मौर्य, डॉ पंकज शर्मा, डॉ मनोज गुप्ता, डॉ अनिल चौहान, डॉ मुक्ता चौहान, डॉ आरके गुप्ता आदि सहित अन्य चिकित्सकों ने भी सेवा भाव से लोगों को शरबत वितरित किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और सेवा भावना का वातावरण देखने को मिला। डॉक्टरों ने स्वयं अपने हाथों से लोगों को शरबत पिलाकर मानव सेवा का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार