बिजली उत्पादन में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा एनटीपीसी विंध्याचल : संजीव कुमार शाहा
सोनभद्र, 30 मार्च (हि.स.)। एशिया की सबसे बड़ी व विश्व की आठवीं सर्वाधिक विद्युत उत्पादन वाली एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना अधिकतम बिजली उत्पादन के लिए संकल्पित है। वर्तमान खाड़ी युद्ध को देखते हुए परियोजना प्रमुख संजीव कुमार शाहा ने बताया कि हमें पास में स्थित एनसीएल परियोजनाओं से रेलवे द्वारा कोयला प्राप्त हो रहा है, जिससे हमारे बिजली उत्पादन में कोई दिक्कत नहीं आयेगी।
एनटीपीसी विंध्याचल के परियोजना प्रमुख संजीव कुमार शाहा ने सोमवार को बताया कि हमारी वर्तमान विद्युत उत्पादन क्षमता 4783 मेगावाट है, जो कोयला, सोलर एवं हाइड्रो से उत्पादित होती है। विंध्याचल परियोजना विद्युत उत्पादन के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। गर्मी के मौसम को देखते हुए अधिकतम उत्पादन के लिए हम तैयार हैं।
साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान भी रखा जा रहा है। परियोजना से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड व अन्य जहरीली गैस को कैप्चर किया जाता है जिससे सयंत्र से निकलने वाली हानिकारक गैस कार्बन मोनोआक्साइड को शोषित कर उसे वायुमंडल में जाने से रोकता है। प्लांट द्वारा कैप्चर किये गये गैस से मेथेनॉल बनाया जाता है जिसका प्रयोग प्लांट में किया जाता है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी