प्री-आरडी कैंप के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न, गणतंत्र दिवस परेड की ओर बढ़े 12 एनएसएस स्वयंसेवक
गोरखपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्री-आरडी (Pre-Republic Day) कैंप के लिए चयन प्रक्रिया गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया में गोरखपुर, देवरिया एवं कुशीनगर जनपदों के करीब 15 संस्थानों के सैकड़ों एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग कर अपनी शारीरिक दक्षता, अनुशासन, परेड कौशल एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया के दौरान स्वयंसेवकों की विभिन्न स्तरों पर दक्षता परखी गई। इसमें शारीरिक परीक्षण, 1600 मीटर दौड़, स्वयंसेविकाओं के लिए 800 मीटर दौड़, परेड एवं ड्रिल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल किया गया। स्वयंसेवकों ने निर्धारित गतिविधियों में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।
विभिन्न चरणों में प्रदर्शन के आधार पर छह स्वयंसेवक और छह स्वयंसेविकाओं सहित कुल 12 एनएसएस स्वयंसेवकों का आगामी चरण के लिए चयन किया गया। चयनित स्वयंसेवकों की सूची क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ की टीम द्वारा आगे की चयन प्रक्रिया के लिए भेजी गई है।
चयन प्रक्रिया क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के युवा अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व तथा 44वीं बटालियन एनसीसी के अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुई। इस दौरान संबद्ध महाविद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी भी मौजूद रहे और चयन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
आगरा में होगा 10 दिवसीय प्री-आरडी कैंप
चयनित 12 स्वयंसेवक 21 से 30 नवंबर 2026 तक भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय प्री-आरडी कैंप में प्रतिभाग करेंगे। यह कैंप एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया का चरण है। यहां स्वयंसेवकों की अनुशासन, परेड, शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सहित विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता का परीक्षण किया जाएगा।
कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को आगे गणतंत्र दिवस परेड-2027 में सहभागिता के लिए चयनित होने का अवसर मिलेगा। ऐसे में गोरखपुर क्षेत्र से चयनित 12 स्वयंसेवकों के लिए यह चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सत्यपाल सिंह ने चयन प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, एनसीसी अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं प्रतिभागी स्वयंसेवकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने चयनित स्वयंसेवकों को आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय