युवाओं में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है एनएसएस : डॉ. मुकेश श्रीवास्तव

 


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर जिम्मेदार नागरिक बनाने में एनएसएस की अहम भूमिका है। यह बातें गुरुवार को अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस समारोह के दौरान कही।

सीएसए विश्वविद्यालय के यूटिलिटी बिल्डिंग में आयोजित समारोह में एनएसएस की गतिविधियों, सामाजिक सेवा और युवाओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने एनएसएस के उद्देश्य, महत्व और समाज सेवा में इसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी विशेष जागरूकता संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह के साथ विभिन्न इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव, डॉ. अरुण, डॉ. संघमित्रा, डॉ. दिलीप वर्मा, डॉ. कृष्ण कुमार पटेल, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. यूएन शुक्ला और डॉ. नन्द कुमार मौजूद रहे। वहीं एनएसएस यूनिट-4 और यूनिट-5 के इटावा व लखीमपुर परिसरों में भी राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस मनाया गया। स्वयंसेवकों ने गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह बढ़ाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप